जैन तीर्थ नाकोड़ा में नाकोर नगर (नाकोड़ा गांव) से प्राप्त श्री पार्श्वनाथ जी की प्रतिमा को लाकर यहां वि.सं. 1512 में प्रतिष्ठित करने एवं मंदिर के बाहर श्री भैरवदेवजी का पिण्डाकार स्पूत विराजमान करने वाले आचार्य श्री कीर्तिरत्नसूरिजी का जन्म भी नाकोड़ा (वीरमपुर - महेवा) में वि.सं. 1440 चैत्र शुक्ला अष्टमी शुक्रवार को हुआ था। (कुछ लोगो का मत है कि इनका जन्म कोरटा मे हुआ था) इनकी वि.सं. 1463 आषाढ वदी 11 को महेवा मंे दीक्षा हुई। वि.सं. 1470 में पाटण में वाचक पद एवं वि.सं. 1480 वैशाख सुदी 10 को यही उपाध्याय पद और वि.सं. 1497 माघ सुदी दसमी को जैसलमेर मे आचार्य पद दिया गया। वि.सं. 1525 वैशाख वदी पंचमी को वीरमपुर (नाकोड़ा पार्श्वनाथ) (महेवा क्षेत्र) में कालधर्म हो गया। आपका अंतिम संस्कार नाकोड़ा क्षेत्र की एक ऊंची पहाड़ी टेकरी पर किया गया जहां वि.सं. 1525 वैशाख वदी छठ को आपके परिजनों में संघपति मालाशाह शंखवाल (संखलेचा) ने एक स्पूत बनाया जिसकी प्रतिष्ठा आचार्य श्री जिनचन्द्रसूरिजी ने करवाई।

            नाकोड़ा (वीरमपुर - महेवा क्षेत्र) आचार्य श्री कीर्तिरत्नसूरिजी की जन्म, कर्म एवं निर्वाण भूमि रहने का गौरव प्राप्त किये रही। इसके अंतिम संस्कार स्थल पर बने स्पूत की जगह वि.सं. 2000 में श्री जैन श्वेताम्बर नाकोड़ा पार्श्वनाथ तीर्थ ट्रस्ट मंडल मेवानगर (नाकोड़ा) की तरफ से दादावाड़ी का निर्माण करवाया गया। जिसमे वि.सं. 2008 मार्गशीर्ष शुक्ला एकम गुरूवार को आचार्य श्री जिनरत्नसूरिजी ने आचार्य श्री कीर्तिरत्नसूरिजी की मूर्ति एवं चरण पादुका के साथ श्री जिनकृपाचन्द्रसूरिजी एवं आपके पट्टधर श्री जिनजयसागरसूरिजी के चरण पादुका की प्रतिष्ठा सम्पन्न करवाई।

            नाकोड़ा तीर्थ में आचार्य श्री कीर्तिरत्नसूरिजी की दादावाड़ी ऊंची पहाडी टेकरी पर दक्षिणाभिमुख बनी हुई है। जहां पहुंचने के लिये जमीनतल से पच्चीस सीढियों की चढाई चढनी पड़ती है। दादावाडी का एक प्रवेश द्वार पश्चिमाभिमुख नाकोड़ा तीर्थ के सम्मुख भी बना हुआ है। जिसमें प्रवेश के लिये जमीनतल से सीढियां बनी हुई नहीं है। पहाड़ी बस्ती में पहाड़ी की चोटी पर बनी श्री कीर्तिरत्नसूरिजी की श्वेत दादावाडी अत्यन्त ही सुन्दर एवं आकर्षक लगती है। इस दादावाडी के नीचे पश्चिम की ओर एक छोटी टेकरी पर जैन तीर्थ नाकोड़ा के प्राचीन जीर्ण-शीर्ण मंदिर के अवशेष भी दृष्टिगोचर होते है। जो तीर्थ की प्राचीनता के प्रतिक है।